नगर पालिका चेयरमैन सुंदर अत्री को पदभार ग्रहण करवाते मंत्री व विधायक।
बवानी खेड़ा। नगर पालिका बवानीखेड़ा के अध्यक्ष सुंदर अत्री ने रविवार को हवन यज्ञ के बाद पद ग्रहण किया। इस मौके पर विकास एवं पंचायत तथा भू विज्ञान एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, रणबीर सिंह गंगवा व विधायक कपूर सिंह मौजूद रहे।
पद ग्रहण समारोह में डेरा बाबा रामरूप के महंत बाबा गुमानदास भी मौजूद रहे। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा सरकार की लोकप्रियता का प्रमाण है कि नगर निगम और नगर पालिकाओं के चुनाव में 35 में से 34 सीट लोगों ने भाजपा की झोली में डाली हैं। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 6225 गांव में से एक हजार गांव में प्रथम चरण में ई-लाइब्रेरी बनवाने का कार्य किया जाएगा ताकि गांव के युवा शहरों की तर्ज पर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। इसी प्रकार से इन गांव में महिला चौपाल और सांस्कृतिक केंद्र बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि एक हजार गांव की फिरनी को पक्का करके वहां पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएंगी ताकि गांव रोशन हों। पंचायत मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 2200 तालाबों का प्रथम चरण में सुंदरीकरण किया जाएगा ताकि उनमें पानी सही ढंग से एकत्रित हो सके और गांव में जल भराव की समस्या ना हो। इसी प्रकार से पूरे प्रदेश में श्मशान घाटों की चहारदीवारी बनाने का कार्य किया जाएगा, उनका रास्ता पक्का किया जाएगा और उनमें शेड और पानी का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की चुनी हुई सरकार जनता के हितों के लिए समर्पित है।
प्रदेश के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के 1966 में निर्माण के बाद यह पहली बार हुआ है कि किसी भी पार्टी की लगातार तीसरी बार सरकार बनी हो। बवानी खेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि अब कस्बे के विकास में और अधिक तेज गति आएगी। पारदर्शिता के साथ में कस्बे में विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हल्का बवानी खेड़ा विकास के मामले में अव्वल होगा।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, विजय शर्मा कुंगड़, सुभाष कौशिक, देवेंद्र अत्री व सभी पार्षदों सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।