भिवानी। हालुवास गेट स्थित पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के नाम से बना पार्क इनदिनों बदहाली और अव्यवस्था का शिकार है। पार्क की स्थिति लगातार खस्ता होती जा रही है। लेकिन संबंधित विभाग और जिला प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पार्क सुंदरीकरण जागरूकता अभियान के सूत्रधार एवं भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि यह पार्क अब सामाजिक गतिविधियों के बजाय शराबियों और लावारिस कुत्तों का ठिकाना ज्यादा है। जिससे यहां आने वाले नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सुबह और शाम सैर करने वाले लोगों, खासकर महिलाओं और सीनियर सिटीजन के लिए यह पार्क असुरक्षित होता जा रहा है। पार्क के अंदर खुलेआम शराब पी जाती है और बोतलें इधर-उधर फेंकी जाती हैं, जिससे आए दिन झगड़े और विवाद की घटनाएं सामने आती हैं। अशोक भारद्वाज ने कहा कि महिलाओं और बेटियों के लिए यहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, पार्क की पगडंडियों की खराब स्थिति के कारण बुजुर्गों को गिरने का खतरा बना रहता है और कई छोटे हादसे भी हो चुके हैं। पार्क में लगे झूले, बेंच और कुर्सियां टूटी हुई हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को असुविधा हो रही है।
सुंदरीकरण के लिए लगाए गए फव्वारे लंबे समय से खराब पड़े हैं और उनमें जमा गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। पार्क में चारों ओर गंदगी फैली हुई है, जिससे स्वच्छता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा, यह पार्क क्रिकेट खेलने वालों का मैदान बन गया है, जिससे अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्क में लगी पानी की दोनों मोटर खराब होने के कारण हरियाली भी खत्म होती जा रही है। सैकड़ों पौधे पानी के अभाव में सूखने लगे हैं जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग को 5 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें जन सत्याग्रह का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस अवसर पर सीनियर सिटीजन मैदा राम सोनी, दीन दयाल कामरा, आनंद कुमार, चेतन प्रकाश, राज कुमार वर्मा, पदम सोनी, राजेश सोनी, मेंबर सिंह, नरेंद्र सोनी, राजेश शर्मा, सत्यनारायण सोनी उर्फ बुल्ला अंचल, दिनेश शर्मा मौजूद रहे।