लोहारू। दादरी से लोहारू रूट पर दौड़ने वाली हरियाणा रोडवेज की बस में शनिवार को यात्रा कर रहे एक परिवार का बैग गुम हो गया। बैग में करीब 80 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण थे। हालांकि बस के चालक अशोक कुमार और परिचालक शिव कुमार ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया। यात्रियों ने रोडवेज कर्मचारियों की तत्परता और ईमानदारी की सराहना की।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के सूरजगढ़ निवासी सुरेंद्र अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दादरी से लोहारू आ रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी का हैंडबैग, जिसमें आभूषण रखे थे, बस में गिर गया। कुछ दूरी पर महिला को एहसास हुआ कि बैग गुम हो गया है।
बैग गुम होने की सूचना मिलते ही परिवार तुरंत लोहारू बस स्टैंड पहुंचा और एसएस सुनील तथा कर्मचारियों से पूछताछ की। उसी समय जिस बस में वे यात्रा कर रहे थे, वह बस वर्कशॉप में सर्विसिंग के लिए खड़ी थी। चालक अशोक कुमार और परिचालक शिव कुमार ने बैग को सुरक्षित संभालकर रोडवेज कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को सौंप दिया। इसके बाद बैग असली मालिक को लौटा दिया गया।
बैग मिलने पर सुरेंद्र ने राहत की सांस ली और रोडवेज के चालक-परिचालक सहित सभी कर्मचारियों का आभार जताया। मौके पर रोडवेज कर्मचारी डीआई जोगेंद्र, कृष्ण फरटिया और विक्की काकड़ोली भी मौजूद थे।