लोहारू। स्थानीय चौधरी बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय 38वीं वार्षिक एथलेटिक्स मीट का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दलजीत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। एथलेटिक्स मीट में बबीन और एकता सर्वश्रेष्ठ एथलीट बने।
खेल संयोजक एवं आयोजन सचिव देवेन के नेतृत्व में प्रतियोगिताएं आयोजित की। प्रतियोगिता के अंतिम दिन 100 मीटर दौड़ के छात्र वर्ग में बीए द्वितीय वर्ष के प्रवीण ने प्रथम, बीए तृतीय वर्ष के बबीन ने द्वितीय और ललित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में बीए तृतीय वर्ष की एकता प्रथम, हिमांशु द्वितीय और बीए प्रथम वर्ष की नैना तृतीय स्थान पर रहीं।
भाला फेंक के छात्रा वर्ग में अन्नू ने पहला, दिव्या ने दूसरा और सोनिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। छात्र वर्ग में अमित प्रथम, अमन द्वितीय और दुष्यंत तृतीय रहे। प्रतियोगिता में लगातार शानदार प्रदर्शन के आधार पर बीए तृतीय वर्ष के बबीन को छात्र वर्ग तथा एकता को छात्रा वर्ग में सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. दलजीत सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित करते हैं। जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और मेहनत है। खेल संयोजक देवेन ने सभी का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन अनिरुद्ध, नेहा और डॉ. अशोक कुमार ने किया।