कस्बा बवानीखेड़ा क्षेत्र के एक गांव निवासी 40 वर्षीय महिला के साथ बीती देर रात आठ बजे दो युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया और उसके कपड़े भी फाड़ डाले। महिला के चिल्लाने पर खेत में पानी लगा रहे पति ने जब बचाव का प्रयास किया तो उसे भी पीटा। महिला ने इसकी शिकायत सौ नंबर पर पुलिस को दी। रात को ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। आरोप है कि उसे सुबह आठ बजे थाने में बुलाया और शाम चार बजे तक बैठाए रखा मगर कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद वह लघु सचिवालय भिवानी पहुंचे और एसपी कार्यालय में शिकायत दी।
बवानीखेड़ा पुलिस को लिखित शिकायत में 40 वर्षीय महिला ने बताया कि वह रात आठ बजे पति को खाना देने खेत जा रही थी। रास्ते में उसी के खेत के पड़ोसी दो युवकों ने उससे दुुष्कर्म का प्रयास किया। उसके कपड़े भी फाड़ डाले। अभी तक भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
एक महिला की शिकायत आई थी, जिसे उसने तुरंत एएसआई को सौंपते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। आरोपी महिला के खेत के पड़ोसी हैं, जिनका पहले भी छोटे मोटे मामलों में विवाद पुलिस के समक्ष आया था। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, दूसरा पक्ष तो थाने में आ गया, मगर महिला पक्ष से भी लोग थाने पहुंचने की बात कह रहे हैं। पड़ताल के बाद इस मामले में आगामी कदम उठाया जाएगा।
- मनीराम एसआई, इंचार्ज बवानीखेड़ा पुलिस थाना।