भिवानी। गांव मानहेरू के समीप शनिवार रात हमलावरों ने शराब ठेके पर विक्रम पर निशाना साधते हुए चार राउंड फायरिंग की। गनीमत है कि गोलियां विक्रम के स्थान पर शराब की बोतलों पर लगी। इस हमले में शराब ठेके पर मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए। वहीं, वारदात की सूचना मिलते ही सीआईए व सदर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए। विक्रम की शिकायत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में मानहेरू निवासी विक्रम ने बताया कि वह हनुमान, संजय ठेके के सेल्समैन संदीप के साथ शराब ठेके पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर तीन युवक वहां पहुंचे और बोले कि विक्रम कहा हैं। इतना कहते ही गोली चला दी। गोली शराब की बोतलाें पर लगी। चार राउंड फायरिंग करने के बाद आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी बाइक पर वहां से भाग गए। वारदात की सूचना मिलते ही भिवानी सीआईए की टीम और डीएसपी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। सदर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई। विक्रम की शिकायत पर बाइक सवार तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है।