भिवानी। सिटी पुलिस की टीम ने पकौड़े बेचने वाले पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के मामले में एक आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई एक बाइक भी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सिटी पुलिस को दी शिकायत में जीतुवाला निवासी पंकज ने बताया था कि दिनोद रोड पर उसकी पकौड़े की दुकान है। चार अप्रैल को उसकी दुकान पर बाइक सवार दो युवक पहुंचे और एक युवक ने उस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इस हमले में उसके पैर में गोली लगी। पंकज की शिकायत पर सिटी पुलिस ने केस दर्ज किया था।
सिटी पुलिस के अंतर्गत पुलिस चौकी बीटीएम के इंचार्ज एएसआई अमरजीत की टीम ने मंगलवार को एक आरोपी को पीपलीवाली जोहड़ी लाइनपार क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान हनुमान गेट वासी कृष्ण के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी से एक बाइक भी बरामद की है। पुलिस पूछताछ में आरोपी कृष्ण ने बताया कि उसने सिवानी क्षेत्र में हिसार पुलिस में कार्यरत एक सहायक उप निरीक्षक के घर से रुपये व गहने चोरी किए थे। आरोपी ने पूछताछ में भिवानी जिला में चोरी, हत्या प्रयास, शस्त्र अधिनियम के तहत करीब छह वारदात भी कुबूली हैं। आरोपी के खिलाफ सिवानी, तोशाम व सिटी थाना में केस दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश हुए हैं। वहीं इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।