भिवानी। चारामंडी की एक दुकान पर बैठे व्यक्ति पर सोमवार को जेली से हमला कर दिया। मामला भूमि पर न्यायालय से यथास्थिति आदेश लेने की रंजिश में किया गया है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया। अब शहर थाना पुलिस ने घायल के बयान पर अमन और शमशेर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में कर्मबीर ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। नौ जून की सुबह सवा सात बजे चारामंडी की दुकान के बाहर मौजूद था। इसी दौरान शमशेर ने जेली से हमला कर दिया। आरोपी ने उसे धमकी दी अमन वाली जमीन की रजिस्ट्री 10 जून को बनती थी, तुमने अदालत से स्टे आर्डर क्यों ले लिया। कर्मबीर ने बताया उक्त भूमि में वह और अमन दोनों मालिक हैं। वह सड़क की तरफ वाली जमीन बेचना चाहता है। इसीलिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। वहीं आरोपी शमशेर के खिलाफ बाढ़डा पुलिस थाना में हत्या का केस दर्ज हुआ था, हालांकि बाद में राजीनामा हो गया था। अमन के कहने पर शमशेर ने उस पर हमला किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अमन और शमशेर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।