राष्ट्रीय खेल दिवस पर साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते विधायक घनश्याम सर्राफ।
भिवानी। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को खेल विभाग की ओर से साइकिल यात्रा निकाली गई। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित यात्रा को विधायक घनश्याम सर्राफ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन, नियमित व्यायाम और खेलों से जुड़ने का संदेश दिया।
जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव ने विधायक घनश्याम सर्राफ और अन्य मेहमानों का स्वागत किया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ साइकिल चलाई। विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी भाग लेना चाहिए और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। खेलों के माध्यम से भी युवा अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं से मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
खेलों से आत्मविश्वास की भावना होती है विकसित : सेल्वराज
कार्यक्रम के विशेष अतिथि सूबेदार मेजर सेल्वराज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और मेहनत की भावना पैदा करते हैं। उन्होंने युवाओं को खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने तथा निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेजर ध्यानचंद के खेलों के प्रति समर्पण और देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए खेलों में निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बास्केटबाल कोच सुमित, हैंडबाल कोच हरिस्वरूप, हॉकी कोच नीरज, एथलेटिक्स कोच देवेंद्र, कुश्ती कोच सुरेश और कुश्ती कोच हरेंद्र उपस्थित रहे।