फौज में हवलदार मौत मामले में मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर कार्रवाई करता पुलिस का जांच अध
भिवानी। गलत दवाई लेने से फौज से छुट्टी पर घर आए एक हवलदार की मौत हो गई। मामले की सूचना बवानीखेड़ा पुलिस को दी गई। पुलिस ने वीरवार सुबह भिवानी के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के भाई के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मामले की कार्रवाई की गई है। मृतक की एक साल बाद फौज से सेवानिवृत्ति होनी थी।
बवानीखेड़ा पुलिस को दिए बयान में गांव बलियाली निवासी सुनील ने बताया कि वे तीन भाई हैं और तीनों ही फौज में हैं। उनके पिता गांव में ही खेतीबाड़ी करते हैं। उसका बड़ा भाई अनिल (39) एक नवंबर को छुट्टी पर घर आया हुआ था। उसकी लुधियाना में पोस्टिंग थी। बुधवार शाम को वह खेतों में गया था। इस दौरान उसकी तबीयत खराब थी। खेत में बने कमरे के अंदर रखी एक गलत दवा का उसने सेवन कर लिया। इसकी वजह से उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मामले की सूचना पाते ही बवानीखेड़ा पुलिस थाना के जांच अधिकारी राजबीर सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर वीरवार सुबह नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक अनिल दो बच्चों का पिता था। उसका बड़ा बेटा यश आठवीं जबकि छोटा बेटा दिपांशु सातवीं कक्षा का छात्र है। अनिल के दो छोटे भाई भी भारतीय सेना में ही अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पुलिस के जांच अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि मृतक के भाई सुनील के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया की कार्रवाई की है।