भिवानी। जिला युवा महोत्सव का आयोजन 19 और 20 नवंबर को होगा। इसमें भाग लेने के इच्छुक 15 से 29 वर्ष के युवा 16 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। महोत्सव की मुख्य थीम ''नशा मुक्त युवा-विकसित भारत'' रखी गई है।
लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में एसडीएम महेश कुमार की अध्यक्षता में महोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सदस्यों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। प्रतियोगिताएं 19 नवंबर को होंगी जबकि पुरस्कार वितरण समारोह 20 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
एसडीएम ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। महोत्सव से संबंधित जानकारी के लिए राजकीय आईटीआई से संपर्क किया जा सकता है। बैठक में आईटीआई के शिक्षुता एवं प्लेसमेंट अधिकारी पंकज सोनी, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय से ज्ञानेंद्र, सहायक प्रोफेसर ललित कुमार और रणधीर सिंह, माय भारत से जितेंद्र सैनी तथा डिप्टी डीईओ राजबाला मौजूद रहे।
विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 4100 रुपये, द्वितीय को 3100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1100 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। महोत्सव में समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, चित्रकला, समूह नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन और समूह लोक वाद्य यंत्र वादन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। चित्रकला और कविता लेखन प्रतियोगिताएं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), भिवानी में होंगी। लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक और लोक वाद्य यंत्र वादन सहित अन्य प्रतियोगिताएं राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में आयोजित की जाएंगी।