भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2024 स्तर-1, 2 और 3 का आयोजन सात और आठ दिसंबर (शनिवार-रविवार) को होगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार सात दिसंबर को स्तर-3 की परीक्षा शाम तीन बजे से साढ़े पांच बजे तक एवं आठ दिसंबर को स्तर-2 की परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक और स्तर-1 की परीक्षा शाम तीन बजे से साढ़े पांच बजे तक आयोजित करवाई जाएगी।
इस परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से चार नवंबर को दोपहर एक बजे से 14 नवंबर की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थी अपने विवरण, फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान, स्तर, विषय के चयन (स्तर 2 व 3), जाति वर्ग, दिव्यांग श्रेणी और गृहराज्य के नाम में 15 से 17 नवंबर तक ऑनलाइन संशोधन कर सकते हैं। बोर्ड प्रवक्ता के मुताबिक 14 नवंबर के बाद ऑनलाइन आवेदन और 17 नवंबर के बाद विवरण में सुधार की अनुमति नहीं होगी। संवाद