भिवानी। कनाडा के टोरंटो में भिवानी के नंदगांव निवासी साहिल (23) की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में परिजनों ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को ई-मेल पर शिकायत भेजकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। इस पर विदेश मंत्री कार्यालय से परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन मिला है। वहीं, रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कनाडा से फ्लाइट के जरिये साहिल का शव दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा। चिकित्सकों की टीम ने शव की जांच की। फिर परिजनों को शव सौंप दिया गया। सोमवार सुबह आठ बजे पैतृक गांव में साहिल का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक नंदगांव निवासी भूतपूर्व सैनिक हरिश कुमार का बड़ा बेटा साहिल कनाडा के टोरंटो यूनिवर्सिटी में वेब डिजाइनिंग की पढ़ाई के लिए गया था। पिता ने प्लॉट बेचकर करीब 40 लाख रुपये खर्च कर बेटे को भेजा था। ग्रामीण कमल यादव ने बताया कि साहिल 17 मई को वीडियो कॉल कर अपने परिजनों से बात कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका फोन कट गया और फिर बंद आने लगा। 26-27 मई की रात हैमिल्टन पुलिस ने परिजनों को साहिल की मौत की सूचना दी थी। बताया जा रहा है उनकी मौत झील में डूबने से हुई है, जबकि परिजनों के अनुसार साहिल अच्छा तैराक था।
अपहरण कर हत्या की जताई आशंका
साहिल के परिजनों ने विदेश मंत्री को कई ईमेल भेजे हैं, जिसमें कनाडा के टोरंटो शहर में उसके गायब होने से लेकर उसकी संदिग्ध हालात में मौत मामले की विस्तृत जांच की मांग उठाई है। परिजनों ने विदेश मंत्री से गुहार लगाई है कि उनके बेटे की मौत डूबने से बताई जा रही है, जबकि उनका बेटा तैरना जानता था। परिजनों ने उसके अपहरण और हत्या की आशंका जताई है। विदेश मंत्री को भेजी शिकायत पर कार्यालय से परिजनों को फिलहाल आश्वासन मिला है।