भिवानी। बिहार से डेढ़ लाख में खरीदकर लाई गई किशोरी की शादी और गर्भपात का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि सदर पुलिस थाना भिवानी की गुजरानी पुलिस चौकी क्षेत्र में नाबालिग की शादी और गर्भवती होने का नया मामला सामने आया है। किशोरी की उम्र महज 15 साल नौ माह है जबकि ससुरालजन उसे आठ सप्ताह तीन दिन की गर्भवती अवस्था में चांग के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। चिकित्सक ने नाबालिग के गर्भवती होने पर इसकी सूचना सदर पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने बाल विवाह अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया।
मूल रूप से रोहतक क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की की गुजरानी थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी कर दी गई। जिस लड़के से किशोरी की शादी कराई गई उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। लड़की के परिजनों ने नाबालिग बेटी की शादी कर दी। शादी के बाद किशोरी गर्भवती हो गई जिसे ससुरालजन चांग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। चिकित्सक ने जन्म दस्तावेजों के आधार पर लड़की की उम्र 15 साल नौ माह और गर्भावस्था आठ सप्ताह तीन दिन पाई। इसके बाद पीएचसी के चिकित्सा अधिकारी हरकत में आए और मामले की शिकायत सदर पुलिस थाने में दर्ज कराई।
मंगलवार को पीड़िता किशोरी को महिला उप निरीक्षक मुकेश द्वारा जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जहां उसके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद किशोरी के मजिस्ट्रेट बयान भी दर्ज कराए गए। यह एक सप्ताह में भिवानी जिले में नाबालिग लड़की की शादी और गर्भवती होने का दूसरा मामला है। इस बारे में गुजरानी चौकी के इंचार्ज उप निरीक्षक बलजीत ने बताया कि सदर पुलिस ने किशोरी की शादी मामले में बाल विवाह अधिनियम व पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच सदर पुलिस थाना की महिला एसआई मुकेश कर रही हैं। पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी है।
बवानीखेड़ा पुलिस की जांच नागरिक अस्पताल पर अटकी, सीसीटीवी से होगा गर्भपात का खुलासा
बिहार से डेढ़ लाख में नाबालिग को खरीदकर शादी और गर्भपात कराने के मामले में किशोरी का मेडिकल कराया गया। बवानीखेड़ा पुलिस की जांच जिला नागरिक अस्पताल में अटक गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से स्पष्ट होगा कि जिला नागरिक अस्पताल में किशोरी का गर्भपात हुआ है या नहीं। मंगलवार को मेडिकल कराने के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ जाने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद बाल कल्याण समिति ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा।
बिहार से नाबालिग किशोरी की शादी के लिए खरीद-फरोख्त और गर्भपात के बाद सदर थाने क्षेत्र में दूसरी किशोरी की शादी का नया मामला सामने आया है। किशोरी के बाल कल्याण समिति के समक्ष बयान दर्ज कराए गए जिसके बाद उसके मजिस्ट्रेट बयान भी दर्ज कराए जा चुके हैं। पीड़िता को बाल कल्याण समिति की तरफ से न्याय दिलाने में हर संभव मदद की जाएगी। जिले में नाबालिग लड़कियों की शादी के लगातार मामले सामने आने के बाद स्टेट क्राइम ब्रांच को भी पत्र लिखा गया है जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। -सतेंद्र तंवर, सदस्य बाल कल्याण समिति, भिवानी