नई शिक्षा नीति गुणात्मक सुधार लाने के साथ-साथ बच्चों के बौद्धिक विकास में सहायक सिद्ध होगी। यह बात शिक्षामंत्री कंवर पाल ने शनिवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में आयोजित बोर्ड के वार्षिक अलंकरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने की।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि विधायक घनश्याम सर्राफ, शिक्षा बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष वीपी यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष शंकर धूपड़, भाजपा नेता प्रदीप, विधि आयोग सदस्य मुकेश कुमार सहित शिक्षा व बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान 49 शिक्षक, जिन्होंने इतिहास की नवीन पुस्तक लिखने पर शिक्षा मंत्री द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया।
शिक्षा मंत्री ने बोर्ड प्रांगण में सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल के स्वामी विवेकानंद सदन की आधारशिला रखी और महर्षि वाल्मीकि सदन व गुरु द्रोणाचार्य सदन के नवीकृत भवन को विद्यार्थियों को समर्पित किया। बोर्ड मुख्यालय में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए निर्मित 16 व्यक्तियों को एक साथ ले जाने वाली नई लिफ्ट का लोकार्पण किया।
इस मौके पर इतिहास की अंग्रेजी माध्यम की नई पुस्तकों का विमोचन भी किया। 11वीं व 12वीं कक्षा की नई इतिहास की पुस्तकें अगले सत्र 2023-24 से लागू की जाएंगी। शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि नई इतिहास पुस्तकों के आधार पर बोर्ड-प्रतिवर्ष एक विशेष परीक्षा भारतीय इतिहास ओलंपियाड के नाम से करेगा।
यह भी पढ़ें : Haryana: BPS महिला विश्वविद्यालय के प्राध्यापक पर वीडियो कॉल कर अश्लीलता करने का आरोप, सड़क पर उतरीं छात्राएं
इस परीक्षा में किसी भी बोर्ड उसे संबंधित विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रत्येक कक्षा में प्रथम आने वाले छात्र को 51,000 रुपये का नकद पुरस्कार (दर्शन लाल जैन पुरस्कार) से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा नवंबर-2022 का आयोजन 12 एवं 13 नवंबर को करवाया जाना है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने कहा कि बोर्ड द्वारा बहुआयामी शिक्षा-परीक्षा सुधार कार्यक्रम और बोर्ड की कार्यप्रणाली को कम्प्यूटरीकृत व सुदृढ़ बनाने के लिए ओर अधिक सतत् प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त खेलों के क्षेत्र में भी छात्रों ने लोहा मनवाया है।
उन्होंने बताया कि कृषि एवं पशुविज्ञान संकाय में सीनियर सेकेंडरी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले मैरिटोरियस छात्रों को हरियाणा के तीनों कृषि एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालयों (चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार, लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, हिसार एवं महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय, करनाल) में स्नातक कोर्स में दाखिला लेने हेतु 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटों के बराबर आरक्षण के प्रावधान करवाने बारे बोर्ड अध्यक्ष द्वारा शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया गया।
इस शुभ अवसर पर बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार ने शिक्षा मंत्री व अन्य सभी उपस्थित व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। बोर्ड प्रांगण में स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत व सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
यूं किया खुशी का इजहार
शिक्षा बोर्ड ने मुझे जो सम्मान शिक्षामंत्री के हाथों दिलाया है, उससे मैं बेहद खुश हूं। अमर उजाला के कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री ने मुझे रोहतक में सम्मानित किया था। उसके लिए भी मैं काफी उत्साहित हूं। मैंने दसवीं की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में 500 में से 500 अंक हासिल किए थे, जिसका ईनाम मुझे मिला है।
- छात्रा खुशी, उचाना वासी।
मैं अपने अभिभावकों के साथ शिक्षा बोर्ड मुख्यालय के अलंकरण समारोह में आई हूं। मुझे शिक्षामंत्री ने सम्मानित किया है। जिससे मेरा मनोबल और बढ़ा है। मैंने 12वीं साइंस में 500 में से 494 अंक हासिल किए थे। अमर उजाला अखबार ने भी मुझे रोहतक में सीएम मनोहरलाल के हाथों सम्मानित कराया था। मुझे यहां आकर अच्छा लगा।
-छात्रा पायल पहाड़ीपुर झज्जर वासी।
12वीं में गणित विषय के साथ मैने कलां संकाय में 498 अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इतनी खुशी उस समय भी नहीं हुई थी जितनी खुशी मुझे आज बोर्ड मुख्यालय पर सम्मान पाकर हुई है। मुझे रोहतक में अमर उजाला के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहरलाल के हाथों भी इसी तरह का सम्मान मिल चुका है। जिसके बाद मैं बेहद खुश हूं।
-छात्रा काजल निदाना रोहतक।
मैं सोनीपत ये यहां शिक्षा बोर्ड मुख्यालय के कार्यक्रम में आया हूं। मुझे शिक्षा मंत्री ने दसवीं में 499 अंक लाने पर सम्मानित किया है। जिसके लिए बोर्ड अधिकारियों का मैं शुक्रगुजार हूं। मुझे सम्मान पाकर बड़ा अच्छा लगा।
-छात्र आर्यन शर्मा, सोनीपत।