तोशाम। उपमंडल कार्यालय के सामने पावर ग्रिड परियोजना के विरोध में किसानों का धरना बुधवार को 30वें दिन भी जारी रहा। धरने को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि वे किसानों के हर संघर्ष में उनके साथ खड़े रहेंगे और जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे।
अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि किसानों की उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े प्रावधानों में बदलाव के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली टावर लगने से भविष्य की औद्योगिक और विकास परियोजनाओं की संभावनाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने सरकार से किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए चौधरी ने कहा कि राज्य में पेयजल संकट और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दे लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लोगों में सुरक्षा की भावना थी।
उन्होंने कहा कि किसान आज फसलों के उचित दाम, खाद की उपलब्धता और अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।