पशु तस्करों से मुठभेड़ में क्षतिग्रस्त हुई ईआरवी।
भिवानी। शहर में पुलिस और पशु तस्करों के बीच रविवार रात ढाई बजे मुठभेड़ हो गई। गोरक्षा दल की सूचना पर डॉयल 112 की ईआरवी (आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन) मौके पर पहुंची तो तस्करों ने अपनी पिकअप गाड़ी दौड़ा दी। पीछा करने पर ईआरवी को औद्योगिक थाना क्षेत्र में टक्कर मार दी। इस हमले में ईआरवी में तैनात एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) महीपाल घायल हो गए। पुलिस ने पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गोरक्षा दल के जिलाध्यक्ष संजय परमार ने बताया कि राजीव कॉलोनी चौक के पास घरों के बाहर दो भैंस और एक गाय बंधी हुई थी, जिन्हें तस्कर पिकअप में डाल रहे थे। गो सेवक ने इसकी तुरंत सूचना डॉयल 112 पर दी। इसके बाद ईआरवी इंचार्ज एसआई रणबीर, एसपीओ महीपाल और चालक कृष्ण मौके पर पहुंचे।
ईआरवी को देखकर पशु तस्कर भगत सिंह चौक से महम रोड की तरफ गाड़ी दौड़ा ले गए। पीछा कर रही ईआरवी को पिकअप ने टक्कर मारी। इस हमले में एसपीओ महीपाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक और इंचार्ज मामूली रूप से चोटिल हुए। तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। मंगलवार सुबह पशु तस्करों की पिकअप गाड़ी गांव चांग में लावारिस हालत में मिली, जिसका पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त था और दिल्ली नंबर की गाड़ी में कोई कागजात नहीं मिले। ईआरवी में घायल एसपीओ महीपाल को हादसे के तुरंत बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस बारे में औद्योगिक पुलिस थाने के एसएचओ सज्जन सिंह ने बताया कि पुलिस की ईआरवी को टक्कर मारकर पशु तस्कर भाग गए। इस संबंध में औद्योगिक पुलिस थाना में आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने और पशु चोरी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पिकअप गाड़ी को अपने कब्जे में लिया है और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।
रातभर सड़कों पर घूमते रहे तस्कर
पशु तस्करों की पिकअप रातभर तीन पुलिस थानों की हद में घूमती रही। ईआरवी को सूचना मिलने के बाद भी राजीव कॉलोनी चौक से लेकर भगत सिंह चौक, महम रोड और पालुवास क्षेत्र तक तस्करों की गाड़ी घूमती रही। अंततः औद्योगिक थाना क्षेत्र में ही ईआरवी को टक्कर मारकर तस्कर भाग गए।