भिवानी। प्रेमी की शादी तय होने से खफा महिला ने शुक्रवार शाम को जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया किअगर युवक की अन्य लड़की से शादी हो गई तो वह अपनी जान दे देगी। उसने आरोपी युवक पर दुष्कर्म का आरोप भी लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
अस्पताल में पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी 2002 में हुई थी। शादी के बाद से उसे सात साल का एक बेटा भी है। उसका पति 2011 में हिसार से कनाडा के लिए गया था, जिसके बाद से ही उसके पति का आज तक कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद वह अपने बेटे के साथ शहर के बीटीएम चौक क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगी। वह जिला न्यायालय में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी है। उसकी जान पहचान करीब साढ़े तीन साल पहले युवक के साथ हुई थी। युवक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ साढ़े तीन साल से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। उसे 24 नवंबर को पता चला कि आरोपी युवक 27 नवंबर को किसी दूसरी लड़की के साथ शादी रचा रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक ने उसे फोन पर जहर की गोली लेकर आने और उसे व उसके बेटे को खत्म कर देने की धमकी दी। इससे परेशान होकर महिला ने शुक्रवार शाम को जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर पड़ोस के लोगों ने उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के समक्ष दिए बयान में पीड़ित महिला ने कहा कि अगर युवक ने रविवार को अन्य लड़की से शादी रचाई तो वह अपनी जान दे देगी। पीड़ित महिला ने युवक की भाभी और मां पर भी उसके घर आकर धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर शहर थाना पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
अस्पताल से एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना मिली थी। पीड़ित महिला के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। महिला के बयान के आधार पर इस संबंध में उचित कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश कुमार, एसएचओ, शहर थाना पुलिस भिवानी।