तोशाम अनाज मंडी में बाजरा खरीद शुरू नहीं होने पर धरना देते किसान।
तोशाम । अनाज मंडी तोशाम में आठ दिन बाद भी बाजरे की सरकारी खरीद शुरू न होने से नाराज आढ़ती मंडी में धरने पर बैठ गए। किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉली मंडी में प्रवेश नहीं मिलने से तोशाम-सिवानी और तोशाम-जूई, बहल मार्ग पर करीब आधा घंटा तक जाम लग गया।
तोशाम अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान सुनील दलाल ने बताया कि सरकार मंडी में पड़े बाजरे की बोली नहीं लगा रही है जिससे किसानों को बाजरा डालने के बावजूद भुगतान नहीं मिल रहा। मंडी में बाजरा अधिक आने के कारण जगह भी सिमटती जा रही है और खराब मौसम की आशंका के चलते आढ़ती किसानों का बाजरा नहीं ले पा रहे। सरकार ने 23 सितंबर से बाजरा की खरीद शुरू करने का आदेश दिया था लेकिन आठ दिन बाद भी मंडी में खरीद नहीं हुई है।
अधिकारियों का कहना है कि गुणवत्ता मानक पूरे नहीं हो रहे। आढ़तियों का कहना है कि मंडी में उपलब्ध बाजरा गुणवत्ता में पूर्ण है और जितना भी बाजरा आएगा उसे खरीदना पड़ेगा, अन्यथा किसान का बाजरा नहीं लिया जाएगा। मंगलवार को आढ़तियों और खरीद एजेंसी के बीच विवाद जारी रहा। आढ़तियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मंडी में बाजरा नहीं खरीदा गया तो दो दिन बाद मंडी को पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा। इस मौके पर मंडी के पूर्व प्रधान चेतन शर्मा, सुखबीर प्रधान संडवा, संदीप सरल, अनिल शर्मा मौजूद रहे।
किसानों के बाजरे की सरकारी खरीद न होने के संबंध में मुख्यालय के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। किसान प्राइवेट बोली पर भी अपना बाजरा बेच सकते हैं, उन्हें भावांतर योजना के तहत सरकार से बोनस मिलेगा। किसानों से बातचीत की गई है और जल्द ही कोई समाधान निकाला जाएगा। -दिलबाग गिल, जिला प्रबंधक, एचएसडब्ल्यूसी भिवानी