भिवानी। वैश्य कॉलेज में वीरवार को परीक्षा के दौरान चेकिंग के लिए आई सीबीएलयू की चेकिंग टीम की गाड़ी के शीशे विद्यार्थियों व शरारती तत्वों ने तोड़ दिए और टायरों की हवा निकाल दी। टीम ने मामले की शिकायत डायल 112 पर पुलिस को दी। इसके बाद शहर थाना पुलिस ने इस संबंध में एक नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
पुलिस को दी शिकायत में बताया कि डॉ. सुरेंद्र कुमार सहायक प्रोफेसर हिंदी, डॉ पंकज शर्मा सहायक प्रोफेसर मनोविज्ञान सीबीएलयू की फ्लाइंग में ड्यूटी दे रहे हैं। वीरवार शाम करीब चार बजे वैश्य महाविद्यालय में छात्रों व शरारती तत्वों ने मिलकर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी और टायरों की हवा निकाल दी। उन्होंने बताया कि शाम के सत्र में कुछ परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा था, जिनका टीम ने यूएमसी बना दिया था। इसमें एक छात्रा भी शामिल थीं। छात्रा का यूएमसी रद्द कराने के लिए बाहरी युवक रजत ने डॉ. पंकज शर्मा को धमकी दी।
इसके बाद जब व अपनी गाड़ी के पास पहुंचे तो गाड़ी के चालक व दोनों तरफ के शीशे तोड़ रखे थे वहीं टायरों की हवा भी निकाली गई थी। गाड़ी के अगले हिस्से व आगे पीछे की लाइटें भी क्षतिग्रस्त कर दी। मामले की जानकारी मुख्य केंद्र अधीक्षक को दी।डायल 112 पर फोन कर पुलिस बुलाई। शहर थाना पुलिस ने फ्लाइंग टीम की शिकायत पर रजत नामक युवक सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। संवाद