अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी।
बहल। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन की बहल ब्रांच और संबंधित हरियाणा संयुक्त कर्मचारी संघ की बैठक शनिवार को सब डिविजन ऑफिस बहल के प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक में कौशल कर्मचारियों को जॉब सुरक्षा प्रदान किए जाने में सरकार द्वारा की जा रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई गई और 3 सितंबर को पंचकूला मुख्यालय में आयोजित रोष प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की गई।
बैठक की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान रोहताश फौजी ने की। उन्होंने कहा कि सरकार कौशल कर्मचारियों की जॉब सुरक्षा सहित कुल 24 मांगों को लागू करने में अनावश्यक देरी कर रही है, जो पूरी तरह से अनुचित है। राज्य प्रचार सचिव सरजीत खेड़ा और जिला उपप्रधान सुरेश शर्मा ने भी कर्मचारियों से अपील की कि 3 सितंबर को पंचकूला मुख्य अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी और सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। उन्होंने चेताया कि मांगें नहीं माने जाने पर इसका परिणाम गंभीर हो सकता है। इस अवसर पर ब्रांच बहल के वरिष्ठ उपप्रधान अनुज कुमार शर्मा, रामकुमार पातवान, रमेश कुमार शर्मा, सोमबीर हरपालू और कोषाध्यक्ष जैन कुमार भी उपस्थित रहे।