भिवानी। शहर में बिना नक्शा पास कराये व बिना अनुमति भवन निर्माण का कार्य जोरों पर है। बृहस्पतिवार को नगर परिषद की टीम ने अभियान चलाकर 13 जगह निर्माण कार्य रूकवाये और सामान कब्जे में लिया। अब इन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे।
शहर में करीब दो सौ भवन बिना नक्शा पास कराए बनाए गए हैं। नगर परिषद की ओर से पहले कुछ भवनों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए। ऐसे ही एक मामले में लोकायुक्त ने 22 भवनों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर भवन निर्माण का कार्य जोरों पर है। ऐसे ही शिकायतों के बाद बृहस्पतिवार को नगर परिषद के कर्मचारियों ने सचिव संजय यादव के नेतृत्व में अभियान चलाया। टीम ने नया बाजार में चर्च के सामने बन रहे एक निर्माण को रुकवाते हुए यहां से सीढ़ियां, ईंटे कब्जे में ली। यहां के बाद टीम ने काठमंडी, नया बाजार, लोहड़ बाजार, कृष्णा कॉलोनी में निरीक्षण कर बिना नक्शे व अनुमति के बन रहे भवन निर्माण को रुकवाया और कुछ निर्माण सामग्री को कब्जे में लिया। अभियान के तहत करीब 13 भवन निर्माण रुकवाये गए। सभी जगह चेतावनी दी गई कि बिना नक्शा पास निर्माण शुरू किया गया तो भवन तोड़ने की कार्रवाई भी की जा सकती है। रोके गए अधिकतर के पास नक्शा पास नहीं था। जहां भी नप अधिकारी, कर्मचारी पहुंचे वहां लोगों की भीड़ लग गई।
नप सचिव संजय यादव ने बताया कि बिना नक्शा पास करवाये गैर कानूनी तरीके से भवन निर्माण गलत है। लोगों को तय तरीके से ही नक्शे पास करवाकर भवन निर्माण करना चाहिए। ऐसा नही ंकरने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है। इस मौके पर नप सचिव के अलावा बिल्डिंग ब्रांच सुपरिंटेंडेंट हरिराम, अनिल, प्रवीण आदि मौजूद रहे।
फोटो 02