भिवानी के बवानीखेड़ा सरल केंद्र में बंद पड़े सीसीटीवी की जांच करते सीएम फ्लाइंग के अधिकारी।
बवानीखेड़ा। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम सोमवार सुबह रोहतक से जांच करने तहसील कार्यालय बवानीखेड़ा में पहुंची। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने सबसे पहले तहसील कार्यालय के हाजिरी रजिस्टर की जांच-पड़ताल की। इसमें एक कर्मचारी गैरहाजिर मिला।
इसके बाद सीएम फ्लाइंग ने इंतकाल, रजिस्ट्री सहित सीएम विंडो के अधूरे पड़े कामों की फाइलों की जांच की। टीम को इंतकाल के 370 और सीएम विंडो के 54 मामले लंबित मिले। जिन पर तहसील कार्यालय द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई थी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम ने चार घंटे गहनता से कार्यालय में जांच कर खामियां तलाशी। जहां तहसील के कर्मचारी टीम को देख कार्यालय में देख इधर-उधर खिसकते नजर आए। वहीं नायब तहसीलदार अंकित लगभग सवा दो घंटे बाद सीएम फ्लाइंग की सूचना पर बवानीखेड़ा पहुंचे।
सीएम फ्लाइंग की टीम ने रजिस्ट्रार सहित नायब तहसीलदार को जल्द अधूरी फाइलों को निपटाने सहित इंतकाल को समय पर दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं दूसरी तरफ फ्लाइंग ने तहसील कार्यालय में बने सरल केंद्र का भी निरीक्षण किया। जहां टीम को सीसीटीवी कैमरे बंद मिले व कोई रेट लिस्ट सरल केंद्र में लगी हुई नहीं मिली। वहीं जब इस बारे में मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछा गया तो वह गोल-मोल जवाब देते नजर आए। कुछ ऑपरेटर की कुर्सियां खाली पड़ी थीं। सीएम फ्लाइंग को तहसील कार्यालय में देख काम करवाने आए लोगों ने भी सीधे अपनी शिकायतें टीम के सामने रखी। वहीं टीम को कार्यालय में जांच करता देख कर्मचारी महीनों से अधूरे पड़े कामों को निपटाते नजर आए। कार्यालय में मौजूद आम लोगों ने कहा कि सीएम फ्लाइंग को हर महीने तहसील कार्यालय में जांच के लिए आना चाहिए। जिससे आम लोगों के रुके हुए काम जल्द हो ।
जो भी लंबित काम है, उनको जल्द से जल्द पूरा कर दिया जाएगा। मुझे बताया गया था, कि पिछले 15-20 दिन से साइट नहीं चल रही। इसके कारण काम नहीं हो रहे। साइट चलते ही अधूरे कामों को पूरा कर दिया जाएगा। वहीं सरल केंद्र में रेट लिस्ट लगाने के लिए कर्मचारियों को कहा गया है। -अंकित, एडिशनल चार्ज, नायब तहसीलदार बवानीखेड़ा।