बहल। वित्त मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि बहल को सभी सुविधाओं से युक्त आधुनिक शहर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने 100 करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी दी है। इसके तहत विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा। वे बुधवार को कस्बे के अग्रसेन भवन में बहल के व्यापारियों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री का कपड़ा, मेडिकल, किरयाणा, रेडिमेड, स्पेयर पार्ट्स, खाद बीज सहित अन्य एसोसिएशन द्वारा स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश में व्यापारियों को पूर्ण सुरक्षा देकर उनको भयमुक्त वातावरण दिया है। उन्होंने कहा कि उनको बहल के सभी ट्रेड के व्यापारियों का हमेशा सहयोग मिला है। उनके दरवाजे भी व्यापारियों के लिए हमेशा खुले हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि वे बहल के विकास को लेकर वे सजग है। बहल के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। बहल में 17 करोड़ रुपए की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य व करीब 80 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज व पेयजल व सौंदर्य करण योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री का सरपंच साधूराम पनिहार, भाजपा मंडल प्रधान सुनील शर्मा, पूर्व चेयरमैन सुशील केडिया, सज्जन फौजी बिधनोई, अनुज बिडोलिया, रविन्द्र सांगवान, रामप्रसाद चैहडिय़ा, डॉ. सुनील चावला, राकेश भाटोलिया ने स्वागत किया। इस अवसर पर एसडीएम अमित कुमार, पार्षद रविन्द्र मंढोली, सरपंच साधूराम पनिहार, पूर्व सरपंच गजानंद अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन सुशील केडिया, राजेन्द्र शर्मा नूनसर मौजूद रहे।
150 करोड़ रुपये का मुआवजा मंजूर
वित्त मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि खरीफ फसल वर्ष 2023 का गुलाबी सुंडी से प्रभावित कपास की फसल का भिवानी जिले का 150 करोड़ रुपये का मुआवजा मंजूर हो चुका है। यह राशि शीघ्र ही किसानों के खातों में डाल दी जाएगी। वित्त मंत्री ने मंगलवार को दिल्ली में केन्द्रीय मंत्रियों व बीमा कंपनियों से हुई मीटिंग के बाद बुधवार को बहल के विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता में में यह जानकारी दी। वित्त मंत्री ने कहा कि खरीफ फसल वर्ष 2023 में किसानों की फसल गुलाबी सुंडी के प्रकोप से बर्बाद हो गई थी। जब उनको इस बात की जानकारी मिली थी तो उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया था कि उनको बर्बाद हुई फसलों का पूरा मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। अब यह राशि शीघ्र ही किसानों के खातों में डाल दी जाएगी।