भिवानी। रोडवेज विभाग लंबी दूरी के अधिकांश रूटों को बहाल करने के बाद अब सोमवार से अलवर रूट पर भी बस सेवा बहाल करेगा। सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे भिवानी बस स्टैंड से अलवर के लिए बस चलाई जाएगी। ये बस उसी दिन शाम को करीब साढ़े छह बजे वापस भिवानी बस स्टैंड पहुंचेगी। रोडवेज विभाग ने कोरोना ड्यूटी रोस्टर भी खत्म कर दिया है। अब सोमवार से रोडवेज के सभी कर्मचारी काम पर लौटेंगे।
हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने लॉकडाउन में लंबी दूरी के रूटों के साथ लोकल रूटों पर भी बस सेवा बंद कर दी थी। जिसके बाद करीब एक माह तक रोडवेज की बसें बंद रही। करीब एक सप्ताह से रोडवेज विभाग ने काफी रूटों को बहाल कर दिया है। सोमवार से भिवानी-अलवर के लिए भी सीधी बस सेवा शुरू हो जाएगी। अलवर के लिए रोजाना सुबह साढ़े नौ बजे बस चलाई जाएगी। सोमवार से रोडवेज के सभी चालक और परिचालक भी वापस काम पर लौटेंगे। कोरोना संक्रमण की वजह से करीब 50 फीसदी कर्मचारियों को ही काम पर बुलाया जा रहा था। इसमें कार्यालय स्टाफ के साथ साथ रोडवेज बस चालक और परिचालक भी कोरोना ड्यूटी रोस्टर के अनुसार ही काम पर आ रहे थे।
इस संबंध में सहायक बस स्टैंड प्रबंधक इन्द्र सिंह वर्मा ने बताया कि रोडवेज महाप्रबंधक के आदेशानुसार सोमवार से अलवर के बस सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि बसों के संचालन का अब नया रूट रोस्टर बनाया जा रहा है। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के अनुसार भी बसें चलाई जा रही हैं।