फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: पंचायत प्रस्तावों और कार्रवाई रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षर कर लाखों रुपये निकालने का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। पूर्व राज्य मंत्री अनूप धानक की बहन एवं गांव कुडल की सरपंच सुनीता देवी समेत चार लोगों के खिलाफ सरकारी धनराशि के कथित गबन और पंचायत प्रस्तावों पर फर्जी हस्ताक्षर करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जूई कलां थाना पुलिस ने दो वार्ड पंचों की शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

पुलिस को दी शिकायत में गांव कुडल निवासी साहिल और आकाश ने बताया कि वे ग्राम पंचायत में वार्ड पंच हैं। उनका आरोप है कि सरपंच और पंचायत सचिवों ने आपसी मिलीभगत कर पंचायत एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की राशि का कथित गबन करने के उद्देश्य से पंचायत प्रस्तावों और कार्रवाई रजिस्टर में उनके फर्जी हस्ताक्षर किए।

इन योजनाओं में लगा गबन का आरोप
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 8 मई 2023 से 4 अप्रैल 2024 के बीच पीआरआई योजना, पीएफ योजना, मनरेगा और नंदीशाला से संबंधित प्रस्तावों सहित पंचायत की विभिन्न बैठकों की कार्रवाई में उनके हस्ताक्षर फर्जी तरीके से दर्शाए गए। उनका कहना है कि न तो उन्हें इन प्रस्तावों की जानकारी दी गई और न ही उन्होंने उन पर हस्ताक्षर किए थे। आरोप है कि कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी योजनाओं और पंचायत की लाखों रुपये की राशि निकाली गई। संबंधित विकास कार्यों को लेकर भी शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं।
विज्ञापन


आरटीआई से दस्तावेज मिलने के बाद खुलासा होने का दावा
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस संबंध में आरोपियों से बात करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि आरटीआई के माध्यम से पंचायत के कार्रवाई रजिस्टर और प्रस्तावों की प्रतियां प्राप्त करने के बाद उन्हें कथित फर्जी हस्ताक्षरों की जानकारी मिली।

सरपंच ने आरोपों को बताया निराधार
जांच के दौरान सरपंच सुनीता देवी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि दोनों वार्ड पंचों ने पंचायत के प्रस्तावों पर स्वयं हस्ताक्षर किए थे और दिसंबर 2024 तक पंचायत के कार्यों में उनके साथ रहे थे। सरपंच के अनुसार, अविश्वास प्रस्ताव लाने और उसके पारित नहीं होने के बाद दोनों पंच उनसे रंजिश रखने लगे तथा परेशान करने के उद्देश्य से शिकायत दी गई है।

तत्कालीन और वर्तमान ग्राम सचिवों के भी दर्ज किए बयान
जांच के दौरान तत्कालीन और वर्तमान ग्राम सचिवों के बयान भी दर्ज किए गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में शिकायतकर्ताओं की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों की प्रतियों और सरपंच पक्ष की ओर से दिए गए दस्तावेजों में हस्ताक्षरों की भिन्नता सामने आने का उल्लेख किया गया है। हालांकि, संबंधित पंचायत सचिवों ने हस्ताक्षर किसने किए, इस बारे में स्पष्ट जानकारी होने से इन्कार किया।

चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
मामले के जांच अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के दस्तावेजों और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज करने की अनुमति प्राप्त करने के बाद 16 नवंबर को जूई कलां थाना में प्राथमिकी दर्ज की। इसमें सरपंच सुनीता देवी, दो तत्कालीन ग्राम सचिव और वर्तमान ग्राम सचिव समीर प्रशांत के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें