शहर के जिला नागरिक अस्पताल में लिफ्ट बंद होने से रैंप से उतरते मरीज
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए लगाई गईं चारों लिफ्टें महज दो महीने में ही ठप हो गई हैं। ऐसे में मरीजों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिव्यांगों को ऊपरी मंजिलों पर स्थित वार्डों तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है।
अस्पताल में मरीजों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए लिफ्ट की सुविधा शुरू की गई थी। शुरुआती कुछ सप्ताह तक व्यवस्था ठीक रही लेकिन रखरखाव में कमी और तकनीकी खामियों के चलते चारों लिफ्ट बंद हो गईं। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नागरिक अस्पताल की ऊपरी मंजिलों पर विभिन्न वार्ड और उपचार केंद्र संचालित हैं।
लिफ्ट बंद होने से स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर मरीजों को ले जाने में तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गंभीर रूप से बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को सीढ़ियों से ऊपर ले जाना उनके स्वास्थ्य के लिए भी जोखिम भरा है। कई बार तीमारदारों को मरीजों को गोद या पीठ पर उठाकर ले जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों और मरीजों ने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इससे अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने कहा कि जल्द ही लिफ्टों की जांच करवाकर उन्हें चालू कराया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी मरीज को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।