बहल। कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बिजली, पेयजल मूलभूत सुविधाएं देने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव है जब राजनेता व सरकार के अधिकारी जन सेवक बनकर जनता की सेवा करेंगे। इसके लिए लगातार जनता दरबारों का आयोजन सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसलिए अधिकारियों को जनता दरबार में आई समस्याओं को गंभीरता से समाधान करना चाहिए। अगर कोई अधिकारी इन समस्याओं के निदान में कोताही बरतता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री जेपी दलाल शुक्रवार को सिवानी स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित किसान बिजली चौपाल व जनता दरबार में उपस्थित लोगों व अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एमडी अमित खत्री व उपायुक्त नरेश नरवाल सहित बिजली निगम व जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी बात यह रही कि इस दौरान कृषि मंत्री जेपी दलाल ने अधिकारियों के साथ बैठ कर लगातार करीब पांच घंटे तक जनसमस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान कृषि मंत्री ने तीन सौ से अधिक समस्याओं की सुनवाई की।
इसमें लोहारू क्षेत्र के अलावा तोशाम व बाढड़ा के लोगों ने भी मौके पर पहुंच कर अपनी समस्याएं जनता दरबार में रखी। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्णय अनुसार परिवार पहचान पत्र से वृद्धावस्था पेंशन, बीपीएल कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड सुविधाएं पात्र परिवारों को स्वत: ही घर बैठे प्रदान की जाएंगी। इसके लिए पात्र लोगों को कहीं जाना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि खुले दरबार में आई शिकायतों पर की गई कार्रवाई की अगली बैठक में समीक्षा की जाएगी। दरबार में आई समस्याओं की पालना रिपोर्ट भी ली जाएगी। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को प्रत्येक घर तक बिजली की सुचारू सप्लाई देने के निर्देश दिए और निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति की जाए। इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को दो से चार सप्ताह के अंदर समस्याओं का समाधान करने व उनकी पालना रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि कार्य में कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिजली चौपाल व जनता दरबार के दौरान लोगों ने बिजली, पेयजल, पेंशन, बीपीएल कार्ड, मकान निर्माण अनुदान, परिवार पहचान पत्र में आय से संबंधी त्रुटि ठीक करवाने, राशन कार्ड, दिव्यांग पेंशन, आर्थिक सहायता, पुलिस कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने व गली निर्माण से संबंधित समस्याएं रखीं। बिजली विभाग के एमडी अमित खत्री व उपायुक्त नरेश नरवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का समाधान तत्परता से करने के निर्देश दिए। उसके बाद कृषि मंत्री ने कृषि मंत्री ने गांव खेड़ा, ढाणी शिलावाली,बहल, शेहर, बरालु ,सिंघानी का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनी और विवाह समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर पूर्व विधायक शशिरंजन परमार, एसडीएम सुरेश दलाल,डीएसपी जगत सिंह मोर, बिजली निगम के एसई रणबीर सिंह, एक्सईएन अविनाश यादव, जनस्वास्थ्य विभाग के एसई विक्रम सिंह, सिंचाई विभाग के एसई पवन भारद्वाज व प्रदीप यादव, डीडीपीओ रविंद्र दलाल, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, कृषि उपनिदेशक डॉ. आत्माराम गोदारा, बागवानी निदेशक डॉ.आत्मप्रकाश, डीएचओ डॉ.देवीलाल, डीएफओ सिकंदर सांगवान, एक्सईन अजय राठी, राहुल बेरवाल मौजूद रहे।