भिवानी की अनाज मंडी में लगे गेहूं के ढेर।
भिवानी। दो दिनों तक बंद रहने के बाद सोमवार को भिवानी मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद कराई गई। सोमवार को करीब साढ़े 400 किसानों की 25 हजार क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद की गई। वहीं 65 हजार क्विंटल गेहूं की भिवानी मंडी से अब तक उठान हो चुकी है। करीब 500 किसानों के खाते में साढ़े तीन करोड़ का भुगतान भी पहुंचा है।
भिवानी जिला मुख्यालय की मंडी में अब तक करीब 1150 किसानों की एक लाख 30 हजार क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है। मंडी में अब सरसों की आवक कम और गेहूं की आवक जोर पकड़ रही है। सुबह से ही किसानों की मंडी के गेट पर ई-गेटपास के लिए वाहनों की लंबी कतार देखी जा रही है। हालांकि मंडी में आवक बढ़ने से जगह का संकट भी बढ़ने लगा है। इसका समाधान कराने के लिए अधिकारियों ने अब उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं ताकि नई आवक के लिए पर्याप्त जगह बनाई जा सके।
चारा मंडी में भी गेहूं लेकर पहुंच रहे किसान
नई अनाज मंडी के साथ ही किसानों की आवक तेज होने पर चारामंडी में भी गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है। इसी के चलते चारामंडी में भी किसान पहुंच रहे हैं। चारामंडी में किसानों की सुविधा के लिए किसान केंद्र पर ई-गेट पास के लिए अतिरिक्त व्यवस्था कराई गई है। किसानों के बैठने और पीने के पानी का भी बंदोबस्त कराया गया है।
भिवानी मंडी में सोमवार को करीब 25 हजार क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद कराई गई है। अब तक भिवानी मंडी में गेहूं की फसल बेच चुके करीब 500 किसानों के खाता में भुगतान भी सुनिश्चित किया जा चुका है। गेहूं की खरीद के साथ-साथ उठान भी तेजी से कराया जा रहा है ताकि किसानों को जल्दी से जल्दी उनकी फसल का भुगतान कराया जा सके। सभी आढ़तियों को पर्याप्त मात्रा में बारदाना मुहैया कराया गया है ताकि खरीद के साथ ही गेहूं की झराई और भराई हो सके।
-निरीक्षक, उमेद सिंह, इंचार्ज नई अनाज मंडी भिवानी।