भिवानी। रविवार दोपहर को अचानक ही तेज बारिश हुई। बारिश मात्र दस मिनट तक हुई। करीब पांच एमएम बारिश में ही शहर के कई हिस्सों में कुछ देर के लिए पानी जमा हुआ। मगर उसकी निकासी करा दी गई। बारिश के बाद तेज धूप खिलने से उमस भी बनी।
रविवार को हुई मात्र दस मिनट की बारिश में ही निचले इलाकों में बारिश का जलभराव होना शुरू हुआ, मगर बारिश अचानक बंद हुई तो अधिकारियों को राहत मिली। करीब डेढ़ से दो घंटे में बारिश के पानी की निकासी हो गई। दिनोद गेट पर मुख्य सीवरलाइन क्षतिग्रस्त होने की वजह से शहर का गंदा पानी नेकीराम डिस्पोजल से होकर वैश्य कॉलेज के बरसाती चैंबर के जरिए भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर प्रेमनगर ड्रेन में डाला जा रहा है। हालांकि देवसर चुंगी का डिस्पोजल भी शहर से गंदे पानी की निकासी कराने में लगा रहा। मगर बारिश के दौरान अत्यधिक प्लास्टिक कचरे की वजह से कर्मचारियों के लिए लगातार पंप चलाने में मुश्किलें हुई।
कृषि विभाग उप निदेशक डॉ आत्माराम गोदारा ने बताया कि बारिश फसलों के लिए फायदेमंद हैं। उन्होंने किसानों से भी अनुरोध किया है कि मौसम विभाग की चेतावनी के दौरान संभावित बारिश को देखते हुए किसान अपनी फसलों की सिंचाई न करें।