चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय का भवन।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट प्रोग्राम की रिक्त सीटों पर 27 अक्तूबर को विशेष ड्राइव के तहत दाखिले होंगे। छात्रों की मांग और विभिन्न विश्वविद्यालयों के परीक्षा परिणाम देरी से जारी होने के मद्देनजर विद्यार्थी इस दिन मौके पर पहुंचकर दाखिला ले सकेंगे।
एडमिशन कोऑर्डिनेटर प्रो. सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी के आदेशानुसार यह विशेष ड्राइव आयोजित की जा रही है। इन प्रोग्रामों की कक्षाएं शनिवार और रविवार को सप्ताहांत में संचालित होती हैं। विश्वविद्यालय में खेल प्रबंधन, ड्रोन प्रौद्योगिकी, जर्मन और फ्रेंच भाषा, संगीत व नृत्य, पत्रकारिता एवं जनसंचार, साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल फॉरेंसिक, सामाजिक कार्य और पौरोहित्य कर्मकांड सहित विभिन्न विषयों में डिप्लोमा व पीजी डिप्लोमा कोर्सों की सीटें उपलब्ध हैं।
रोजगारपरक कोर्सों में दाखिले का अवसर
विश्वविद्यालय ने बाजार और उद्योगों में रोजगार की मांग को ध्यान में रखते हुए ये कोर्स शुरू किए हैं। प्रो. कौशिक ने बताया कि सीबीएलयू प्रदेश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय है जहां विद्यार्थी विश्वविद्यालय या किसी भी कॉलेज में डिग्री कोर्स के साथ डिप्लोमा कोर्स भी कर सकते हैं। इससे समय की बचत के साथ कार्यकुशलता, शैक्षणिक योग्यता और बौद्धिक क्षमता बढ़ाने का अवसर मिलेगा। सरकारी व निजी क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी, प्रोफेशनल और अन्य योग्य अभ्यर्थी भी इन कोर्सों में दाखिला लेकर अपनी कार्यकुशलता और बौद्धिक क्षमता बढ़ा सकते हैं।