भिवानी। स्नातक के विभिन्न कोर्सों में मेरिट सूची के तहत दाखिला प्रक्रिया बंद हो चुकी है। आज यानि मंगलवार से ओपन काउंसिलिंग के तहत स्नातक के कोर्सों में दाखिले किए जाएंगे। दाखिले ऑन दी स्पाॅट मिले आवेदनों से बनाई गई मेरिट सूची के तहत किए जाएंगे।
राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में स्नातक के कोर्सों की 241 सीटें रिक्त हैं। सबसे ज्यादा सीटें यूजी के बीएससी नॉन मेडिकल कोर्स में रिक्त है। जबकि बीए, बीसीए और बीकाॅम कोर्स में भी सीटें रिक्त हैं। राजकीय महिला महाविद्यालय में बीएससी कोर्से की 98 सीटें रिक्त हैं। इसी प्रकार बीए कोर्स में 68 सीटें, बीसीए कोर्स की 44 और बीकॉम कोर्स की 31 सीटें रिक्त हैं।
ओपन काउंसिलिंग में इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत
दाखिले के लिए ऑनलाइन किया गया आवेदन फाॅर्म, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, दसवीं और 12वीं की मार्कशीट की तीन फोटोकॉपी, चरित्र प्रमाण पत्र, माइग्रेशन सर्टिफिकेट ऑरिजनल, यदि गेप ईयर है तो गेप ईयर ईयर सर्टिफिकेट, डोमिसाइल, यदि किसी विशेष कैटेगरी से आवेदन किया है तो उसका प्रमाण पत्र जैसे, ईडब्ल्यूएस सर्टिफिकेट, इनकम सर्टिफिकेट इत्यादि।
पीजी के कोर्सों में दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी
पीजी के कोर्सों में दाखिला लेने के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई कर दी है। इससे पहले अंतिम तारीख 24 जुलाई निर्धारित की गई थी। लेकिन उच्चतर शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी नोटिस में बताया गया कि अभी कुछ विश्वविद्यालयों ने यूजी के कोर्सों के परिणाम घोषित नहीं किए हैं। इसके कारण आवेदन करने की अंतिम तारीख को 31 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है।
स्नातक के विभिन्न कोर्सों की रिक्त सीटों पर मंगलवार को ओपन काउंसिलिंग के तहत दाखिले किए जाएंगे। इसके लिए आवेदक दाखिले के लिए जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आए। ताकि दाखिला लेने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
- अजीत कुमार, मीडिया प्रभारी, राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय।