भिवानी। चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 सितंबर कर दी गई है। यूजीसी की अधिसूचना के बाद बीवॉक एमएलटी का नाम बदलकर बीएमएलएस (बैचलर ऑफ मेडिकल लैबोरेट्री साइंसेज) कर दिया गया है जिसमें दाखिले की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है।
डीन एकेडमिक प्रो. सुनीता भरतवाल ने बताया कि बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब स्थापित की गई हैं। उच्च प्रशिक्षण प्राप्त फैकल्टी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देगी। विश्वविद्यालय में पहली बार बीटेक पाठ्यक्रम शुरू किया गया है और इसे लेकर राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों में अच्छा-खासा उत्साह है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियों के साथ एमओयू किए हैं। इनके माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही विद्यार्थियों को उद्यमिता विकास के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के अन्य यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए 11 सितंबर को विशेष दाखिला अभियान आयोजित किया जाएगा।
प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित प्रवेश दिशा-निर्देशों, पात्रता मानदंडों और उपलब्ध रिक्त सीटों के अनुसार होगी। इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित विभाग से संपर्क कर निर्धारित अवधि में प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करें। प्रवेश पात्रता, मूल दस्तावेजों के सत्यापन और विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित अन्य सभी शर्तों की पूर्ति के अधीन होगा।
पाठ्यक्रमवार उपलब्ध रिक्त सीटों और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में दाखिले की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय से संबद्ध किसी कॉलेज में डिग्री पाठ्यक्रम में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी भी चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय में डिप्लोमा पाठ्यक्रम कर सकेंगे।
एक साथ दो पाठ्यक्रम करने का अवसर
चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय है जो डिग्री पाठ्यक्रम के साथ डिप्लोमा करने का अवसर प्रदान कर रहा है। विद्यार्थी एक साथ दो पाठ्यक्रम कर समय की बचत करने के साथ अपनी कार्यकुशलता, शैक्षणिक योग्यता और बौद्धिक क्षमता बढ़ाने का दोहरा अवसर प्राप्त कर सकेंगे।