लघु सचिवालय में जिला नागरिक संसाधन प्रबंधक के कार्यालय में बने हेल्प डेस्क पर लगी पीपीपी के लाभा?
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। परिवार पहचान पत्र की त्रुटियों को ठीक करने के लिए प्रशासन ने लघु सचिवालय में सरल केंद्र भवन के प्रथम तल पर हेल्प डेस्क बनाया है। इसके बावजूद पीपीपी की त्रुटियों कम नहीं हो रही, जिसके कारण लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे कभी लघु सचिवालय भवन में बनाए जिला नागरिक संसाधन प्रबंधक के कार्यालय में हेल्प डेस्क पर पहुंच रहे हैं तो कभी अपने आसपास के कॉमन सर्विस सेंटर पर जा रहे हैं। सीएससी पर तो उनसे 50 से 100 रुपये भी ऐंठ जा रहे हैं।
परिवार पहचान पत्र में त्रुटी ठीक करवाने के लिए बुधवार को लघु सचिवालय भवन में बने हेल्प डेस्क पर 200 से अधिक लोग आए। इनमें अधिकतर के नाम, परिवार के सदस्यों की संख्या और असल सदस्यों की सूची, वार्षिक आय का अधिक दर्शाना, जो सदस्य बेरोजगार या फिर विद्यार्थी है उनकी भी वार्षिक आए दर्शाना या फिर दस्तावेजों का सत्यापन न करने के मामले शामिल है। पीपीपी की त्रुटियां ठीक करवाने आए लोगों की कर्मचारियों के साथ काफी बहस भी हुई। हर कोई अपना नंबर पहले करवाना चाहता था। वहीं कई लाभार्थियों का कहना था कि वे आठ से 10 दिन से चक्कर काट रहे हैं मगर उनकी त्रुटियां ठीक नहीं हो पाई है।
हमारी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है। इसके बावजूद हमारा राशन कार्ड नहीं बन पा रहा है। मेरी मां गृहिणी है और उनकी भी आय दर्शाई गई है, जबकि हम दोनों भाई विद्यार्थी है और हमारी आय भी पांच-पांच हजार रुपये दर्शाई है जोकि गलत है। इसे ठीक करवाने के लिए 10 दिन से चक्कर काट रहा हूं।
- अजय, खरक कलां।
पीपीपी में कई त्रुटियां थी, जिन्हें ठीक करवाने के लिए जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र जमा करवाया गया। अब 15 दिन हो चुके हैं मगर जानकारी को पीपीपी में अपडेट नहीं किया है। इसकी वजह से रोजाना हेल्प डेस्क पर जानकारी लेने के लिए आ रहा हूं। इसमें बेवजह का किराया भी चुकाना पड़ रहा है।
- अनिल, मुंढाल कलां।
परिवार पहचान पत्र की त्रुटियों को ठीक करने के लिए सरल केंद्र के ऊपरी तल पर हेल्प डेस्क लगाया है। जहां पर कोई भी नागरिक निशुल्क जाकर अपनी पीपीपी की त्रुटियों को दुरुस्त करवा सकता है।
- हिमांशु त्यागी, जिला नागरिक संसाधन प्रबंधक, भिवानी।