भिवानी। सुंदर ग्रुप की नहरों को इस बार अतिरिक्त नहरी पानी नहीं मिल पाया है। रविवार शाम को नहरें बंद हो गईं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने दो बार उच्चाधिकारियों से अनुरोध भी किया, मगर यमुना का जलस्तर काफी कम होने की वजह से बात नहीं बनी।
वहीं जिले के निगाना फीडर में फिलहाल पानी चल रहा है, जिससे तोशाम क्षेत्र के ग्रामीण जलघरों के टैंक भरे जा रहे हैं। शहरी दायरे के पानी के टैंक लबालब हो गए हैं। गांव मिताथल के जलघर में टैंक की रिपेयरिंग के बाद उसे इस बार पूरी तरह से भर पाना संभव हुआ है।
सुंदर ग्रुप की नहरों में 13 से 20 मई तक तक पानी चला। अब 20 से 28 मई तक निगाना फीडर में पानी चल रहा है। हालांकि इस बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने एक हजार क्यूसेक पानी की डिमांड की थी, मगर इसके मुकाबले 600 क्यूसेक पानी पहुंचा है। इस फीडर से तोशाम क्षेत्र के ग्रामीण जलघर टैंकों को भरा जा रहा है ताकि गर्मी में लोगों को पर्याप्त पेयजल मुहैया कराया जा सके।
सिंचाई विभाग ने 20 मई के बाद सुंदर ग्रुप के लिए भी तीन दिन तक अतिरिक्त पानी की डिमांड की थी और उच्चाधिकारियों से भी दो बार बातचीत की गई। लेकिन यमुना का जलस्तर इस बार काफी कम होने की वजह से अतिरिक्त पानी नहीं मिल पाया। हालांकि गर्मी में पेयजल आपूर्ति को नियमित रखने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने सप्ताह भर चली नहरों से ही शहरी दायरे के जलघरों को पानी से लबालब कर डाला। अब जून में नहरी पानी आएगा। इस बीच थोड़ी बारिश होती है तो लोगों को राहत मिल जाएगी।
बढ़ गई है गर्मी में पानी की खपत
गर्मी की तपिश के साथ ही पानी की खपत भी बढ़ गई है। शहर में कैंपर विक्रेता भी आरओ के पानी की डिमांड की आपूर्ति नहीं कर पा रहे हैं। वहीं पेयजल आपूर्ति में भी पानी की मांग पौना घंटा से बढ़कर सवा घंटा तक हो गई है। हालांकि अभी जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहरी दायरे की पेयजल आपूर्ति में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। पहले की तरह ही नियमित पेयजल आपूर्ति दी जा रही है। यही वजह है कि शहर के कई हिस्सों में जलसंकट भी बना है।
सुंदर ग्रुप की नहरों में इस बार अतिरिक्त पानी नहीं मिला है। हालांकि एक सप्ताह मिले पानी से शहरी और ग्रामीण दायरे के सभी जलघर के टैंकों को भर दिया है। गांव मिताथल के जलघर टैंक की रिपेयरिंग चल रही थी, जिसे इस बार पानी से भरा गया है। फिलहाल निगाना फीडर में पानी चल रहा है।
-जितेंद्र मान, कार्यकारी अभियंता भिवानी वाटर सर्विसेज भिवानी, सिंचाई विभाग।