भिवानी। सीआईए-2 ने अफीम बरामदगी के मामले में सप्लायर सत्य प्रकाश निवासी बनियानी, जिला रोहतक को शुक्रवार को बस स्टैंड काहनोर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
15 सितंबर को सीआईए-2 की टीम ने चारा मंडी भिवानी से मनोज निवासी तिगड़ाना और ओमबीर निवासी धनाना को 639 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनकी गाड़ी कब्जे में लेकर थाना शहर भिवानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। पूछताछ में मनोज और ओमबीर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अफीम सत्य प्रकाश से खरीदी थी।
इसके आधार पर सीआईए-2 के जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने 19 सितंबर को सत्य प्रकाश को बस स्टैंड काहनोर जिला रोहतक से गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सत्य प्रकाश ने मनोज और ओमबीर को एक लाख रुपये में अफीम सप्लाई करने की बात कबूली है। रिमांड के दौरान पुलिस उससे मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री, सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करेगी।