फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: महिला को नौकरी पर लगवाने का झांसा देकर रुपये ठगने का आरोपी गिरफ्तार

Sat, 22 Apr 2023 10:20 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
साइबर पुलिस की गिरफ्त में नौकरी का झांसा देकर रुपये ठगने का आरोपी युवक। 
विज्ञापन
भिवानी। जिला साइबर थाना पुलिस ने एक महिला को बैंक में नौकरी लगवाने व लोन देने का झांसा देकर करीब 79 हजार रुपये ठगने के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी इस्लाम के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया।
विज्ञापन

रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से 20550 रुपये, एक फोन व एक सिम बरामद की है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर धोखाधड़ी करने की योजना बनाई थी। आरोपी को तीन दिन के रिमांड के बाद न्यायालय में पेश किया गया। जहां उसको जिला कारागार में भेजने के आदेश दिए गए।
गांव कुसंभी निवासी मधु ने गत मार्च माह में साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी थी। मधु ने शिकायत में बताया कि उसके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल पर व्यक्ति ने अपने आप को एक निजी बैंक का अधिकारी बताया और उसे बैंक में नौकरी व लोन देने का झांसा दिया। वह उसके झांसे में आ गई। उक्त व्यक्ति ने बैंक में फॉर्म के नाम पर, सेलेक्शन व अन्य विभिन्न प्रकार के प्रोसेस बताकर उससे 78200 रुपये ट्रांसफर करवा लिए और कहा कि उसके रुपये रिफंड हो जाएंगे। महिला ने व्यक्ति से रुपये रिफंड करने के लिए कहा तो व्यक्ति ने उसके रुपये रिफंड नहीं किए और न ही उसकी नौकरी लगी। महिला को तब अहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गई। इस बारे में उसने साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया था।
विज्ञापन

इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने पीड़िता ने जिस खाता में रुपये भेजे थे, उसकी डिटेल निकाली। खाता की डिटेल के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। मुख्य सिपाही रफीक ने आरोपी को 18 अप्रैल को उत्तरप्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करके आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया।
सोशल मीडिया पर नौकरी लगवाने की देते थे विज्ञापन
पुलिस को पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसका साथी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नौकरी लगवाने के लिए विज्ञापन देता है। नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग प्रोसेस के लिए आवेदन करवाता है और धोखाधड़ी करके रुपये ट्रांसफर करवाए जाते हैं। रुपये आरोपी इस्लाम के खाते में आते थे। आरोपी ने बताया कि खाता में आए रुपये में 50 प्रतिशत हिस्सा वह खुद अपने पास रखता था और 50 प्रतिशत हिस्सा अपने दूसरे साथी को दिया करता था।
एक महिला ने नौकरी का झांसा देकर रुपये ठगने की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को रिमांड पर लेकर करीब 20 हजार रुपये व फोन बरामद किया है। आमजन से अपील है कि किसी भी अज्ञात के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें और न ही किसी के प्रलोभन में आएं। अगर कोई नागरिक साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो तुरंत साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।
विज्ञापन

-विकास कुमार, प्रभारी, साइबर क्राइम पुलिस थाना, भिवानी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें