अनिल हत्याकांड में सीआईए द्वितीय भिवानी द्वारा पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू किया आरोपी विकास उर्फ
भिवानी। सीआईए द्वितीय की टीम ने गांव कालौद में अनिल हत्याकांड में आरोपी विकास उर्फ मोटिया को शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पैर में गोली लगने से उसे जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में तीन आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। आरोपी के कब्जे से देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं।
डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने बताया कि सीआईए द्वितीय की टीम को सूचना मिली की विकास उर्फ मोटिया देवसर पहाड़ी माता मंदिर के पास आने वाला है। टीम ने मौके पर नाका लगाया। वहां पहुंचे विकास को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। भागते हुए पुलिस टीम पर दो फायर किए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके पैर पर गोली मारी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ पहले भी संगीन धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। डीएसपी ने बताया कि अनिल हत्याकांड में सिवानी थाना पुलिस ने बुधवार को बलवान, सुनील और राजेश को गिरफ्तार किया था। इन्हें न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। विकास उर्फ मोटिया से वारदात में उसकी भूमिका, अन्य आरोपियों की संलिप्तता और घटना से जुड़े पहलुओं पर गहनता से पूछताछ की जाएगी।
क्या था मामला
सिवानी थाने दर्ज प्राथमिकी में विवेक ने बताया था कि चार नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपने साथी अनिल के साथ पिकअप गाड़ी में बैठा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो में आए राजेश उर्फ मोटू, विकास उर्फ मोटिया, सोनू, निर्मल, कुलदीप और राहुल धनखड़ ने गंडासी और लाठी-डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। राजेश ने अनिल को पिकअप से बाहर निकालकर उसके सिर पर गंडासी से वार किए। आरोपियों ने पिकअप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। विवेक और अनिल को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अनिल की उपचार के दौरान मौत हो गई।