भिवानी। बावड़ी गेट चौक के पास गाड़ी में सो रहे युवक के दो मोबाइल फोन और पहचान संबंधी आईडी चोरी करने के मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आरोपी कार्तिक को 19 जून को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन, आईडी और वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी बरामद की है। रिमांड पूरा होने के बाद रविवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार न्यू भारत नगर निवासी विक्रम ने औद्योगिक क्षेत्र थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 16 जून को वह बावड़ी गेट चौक के पास अपनी गाड़ी में सो रहा था। जब वह जागा तो गाड़ी से उसके दो मोबाइल फोन और पहचान संबंधी आईडी चोरी हो चुकी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान एएसआई मुकेश कुमार ने अपनी टीम के साथ मिलकर 19 जून को प्रीत विहार निवासी कार्तिक को बावड़ी गेट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन, शिकायतकर्ता की आईडी तथा वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद रविवार को आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।