भिवानी। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने क्षतिपूर्ति पोर्टल पर जमीन का फर्जी पंजीकरण करवाकर फसल मुआवजा हड़पने के मामले में आरोपी नरेश को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नरेश मूल रूप से गांव जयसिंहपुरा, थाना सदर मेवात का निवासी है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गांव जमालपुर निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी व परिवार के सदस्यों की जमीन गांव जमालपुर और बलियाली में है। 15 सितंबर को वे क्षतिपूर्ति पोर्टल पर जमीन का ब्योरा दर्ज करवाने के लिए सीएससी गईं जहां पता चला कि कुछ व्यक्तियों ने ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल के तहत उनकी जमीन का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवाकर क्षतिपूर्ति पोर्टल पर मुआवजे की राशि अवैध रूप से अपने खाते में डलवा ली है। जांच अधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को कार्रवाई करते हुए पोर्टल पर फर्जी पंजीकरण कर धोखाधड़ी से मुआवजा प्राप्त करने के मामले में आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि नरेश ने जानबूझकर अपना नाम पोर्टल पर दर्ज करवाया था और मुआवजा धोखे से हासिल किया।