भिवानी। थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने कुवैत में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को भिवानी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान लक्की निवासी कालूवास के रूप में हुई है।
अमरजीत निवासी पालूवास, प्रवीण निवासी हांसी, सचिन निवासी हुनामल प्याऊ भिवानी व रिंकू निवासी पालूवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी गौरव, कपिल, लक्की व देवेंद्र ने उनसे कुवैत का वीजा लगवाने व नौकरी दिलाने के नाम पर 9.30 लाख रुपये लिए थे। लेकिन आरोपियों के द्वारा न तो उनका कुवैत का वीजा लगवाया गया और उन्हें वहां नौकरी भी नहीं दिलाई गई थी इसके बाद आरोपियों से अपने पैसे वापस देने के लिए कहा तो न तो आरोपियों के द्वारा उनके पैसे वापस दिए गए और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी।
इसी मामले में कार्रवाई करते हुए शनिवार को थाना औद्योगिक क्षेत्र के उप निरीक्षक सुरेश कुमार ने कुवैत भेजने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को कालूवास से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस को आरोपी से आरोपी के खाते में आए 58,000 रुपये बरामद हुए हैं। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।