मौत मामले में कार्रवाई करती पुलिस। संवाद
- फोटो : Bhiwani
तोशाम। गांव बिरण के नजदीक रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में कार सवार दिल्ली पुलिस के जवान सहित दो युवकों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इस संबंध में केस दर्ज किया है। तोशाम पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव दांग खुर्द निवासी धर्मवीर ने बताया कि उसका 28 वर्षीय बेटा अनिल गांव में ही खेतीबाड़ी करता था। रविवार देर रात को अनिल अपने साथी गांव दांग खुर्द निवासी 26 वर्षीय रिंकू (दिल्ली पुलिस का जवान) और 30 वर्षीय संजय के साथ कार से गांव बिरण में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था। संजय मृतक अनिल का चचेरा भाई है। रविवार देर रात में तीनों कार सेे घर लौट रहे थे। जब वो गांव बिरण के नजदीक पहुंचे तो अचानक ही सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी कार खेतों में जा गिरी। हादसे में गंभीर हालत में अनिल और रिंकू को उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल के आपातकालीन विभाग लाया गया, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं संजय को गंभीर हालत में हिसार के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
शादी के एक सप्ताह बाद ही उजड़ गया सुहाग तो पिता के खोया इकलौता बेटा
दिल्ली पुलिस का जवान रिंकू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों ने बताया कि 27 फरवरी को ही रिंकू की शादी हुई थी। अभी उसकी पत्नी के हाथों की मेहंदी भी नहीं सूखी थी कि उसका सुहाग उजड़ गया। अचानक से हुए हादसे के कारण पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। वहीं गांव दांग खुर्द निवासी अनिल के पिता धर्मबीर भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं। अनिल दो बहनों का इकलौता भाई था। हादसे में दो बहनों ने अपना भाई और बुजुर्ग पिता ने बेटा खो दिया।
बयान ---
गांव बिरण के नजदीक हुए सड़क हादसे में कार सवार गांव दांग खुर्द निवासी दिल्ली पुलिस के जवान रिंकू और अनिल की मौत हो गई। वहीं संजय की हालत गंभीर है, जोकि हिसार के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचाराधीन है। मृत अनिल के पिता धर्मवीर के बयान पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
- जयसिंह यादव, थाना प्रभारी, पुलिस थाना पुलिस।