रोहतक-भिवानी मार्ग पर ट्रैक्टर बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए इमरजेंसी में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया। मगर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण घायल के परिजन परेशान रहे। चिकित्सक ने इसकी शिकायत अपने सीनियर को की है।
मामला सोमवार दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे का है। गांव बलियाली निवासी 35 वर्षीय पौनी ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार गांव किरावड़ निवासी अनिल के साथ झज्जर से बलियाली बाइक पर जा रहा था। जब वह बामला के नजदीक स्थित एक निजी अस्पताल के समीप पहुंचे तो अचानक सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वो दोनों घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए इमरजेंसी में लाया गया, जहां प्राथमिक के बाद अनिल की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी।
परिजनों व चिकित्सक ने लगाए एंबुलेंस विभाग पर लापरवाही के आरोप
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अनिल को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसको पीजीआई रेफर कर दिया। मगर उसको एंबुलेंस नहीं मिली। चिकित्सक और स्टाफ ने एंबुलेंस विभाग को सूचना दी मगर उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परिजन भी एंबुलेंस के लिए भटकते रहे। इमरजेंसी में ड्यूटी दे रहे चिकित्सक डॉ. नितिश परवाल ने बताया कि मरीज की हालत बहुत गंभीर थी। उसको प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई भेज रहे थे मगर करीब 15 मिनट तक एंबुलेंस विभाग ने एंबुलेंस नहीं लगाई। इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों को भी की गई है।