पिलानी रोड पर फोटोग्राफी की दुकान चलाने वाले खैरू निवासी संदीप उर्फ मोटिया की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शनिवार रात को बहल से घर जा रहे संदीप की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे राजगढ़ ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मृतक संदीप पिछले कई सालों से बहल में अरुण फोटो स्टूडियो के नाम से फोटोग्राफी की दुकान चलाता था। शनिवार को दुकान से रात करीब नौ बजे खैरू जा रहा था तो सुधीवास रोड पर अचानक राजगढ़ साइड से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह बाइक सहित सड़क पर जा गिरा। परिजनों को सूचना मिली तो वे घायल संदीप को पहले बहल फिर राजगढ़ लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संदीप शादीशुदा था और उसके दो लड़के हैं। संदीप के दो भाई व एक बहन है। वहीं, संदीप की मौत का समाचार जैसे ही रविवार बहल कस्बे में पहुंचा तो लोग गमगीन हो गए। पुलिस ने मृतक का राजगढ ़में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, बहल पुलिस ने मृतक के भाई रोहताश की शिकायत पर अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।