ईंट भट्ठे में काम करने वाले श्रमिक की दो वर्षीय बेटी की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक बच्ची के पिता के बयान पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के इटवा मोलली निवासी रमेश ने बताया कि वह कई साल से गांव मानेहरू स्थित एक ईट भट्ठे पर मजदूरी करता है। वीरवार शाम को उसकी दो वर्षीय बेटी शिवानी खेलते-खेलते झोपड़ी के पास ही एक बरसाती पानी से भरे गड्ढे में गिर गई। सूचना मिलने पर परिजनों ने उसे बाहर निकाल कर उसे उपचार के लिए आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे। ड्यूटी चिकित्सक ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मामले की सूचना सदर पुलिस थाना को दी। सूचना मिलने पर जांच अधिकारी हेड कांस्टेबिल प्रवीण सामान्य अस्पताल पहुंचे। उन्हाेंने बताया कि शिवानी के पिता रमेश के बयान पर इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।