भिवानी। जिले में सोमवार से 15 से 18 साल के सभी किशोरों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए नागरिक अस्पताल के अलावा प्रत्येक सीएचसी, पीएचसी व शहरी स्वास्थ्य केंद्र और उपस्वास्थ्य केंद्रों पर भी शिविर लगाए जाएंगे, जहां पर किशोरों के लिए अलग से टीकाकरण की लाइनें लगाई जाएंगी। जिले में करीब 65 हजार किशोर हैं, जिन्हें टीकाकरण के दायरे में लाया जाएगा। इन 28 दिन बाद दूसरी डोज भी लगाई जाएगी।
अभिभावक अपने किशोर बच्चों के आधार कार्ड से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कर सकते हैं। इसके अलावा टीकाकरण केंद्र पर भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अब 15 से 18 साल के सभी किशोरों को कोवाक्सीन की डोज लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार से किशोर अवस्था के बच्चों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा। जिसके लिए 500 से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को भी जिले भर में ड्यूटी पर लगाया गया है। ये स्वास्थ्य कर्मी किशोर अवस्था के बच्चों के अलग से टीकाकरण की व्यवस्था करेंगे।
टीकाकरण सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। इसके अलावा स्कूल खुलने के बाद प्रत्येक स्कूल में भी टीकाकरण शिविर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्कूलों में प्राचार्य की डिमांड पर शिविर लगाने की भी अनुमति दी है। इसके बाद किसी भी स्कूल के बच्चों को टीकाकरण के लिए उसी विद्यालय में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर टीकाकरण करेगी। फिलहाल सोमवार से ही सभी स्कूल व शिक्षण संस्थान बंद हैं, ऐसे में किशोर अवस्था के बच्चे अपने अभिभावकों के साथ जाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर भी टीकाकरण सुनिश्चित करा सकते हैं।
व्यापक व्यवस्था
किशोर अवस्था के बच्चों का कोवाक्सीन डोज लगाने के लिए सोमवार से विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई स्वास्थ्य केंद्रों पर किशोर अवस्था के बच्चों के लिए टीकाकरण की अलग से व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्कूलों में भी टीकाकरण किया जाएगा।
-डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन भिवानी।