भिवानी। ओलंपिक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में सोनीपत के अभय और जींद की मधु ने श्रेष्ठ धावक का खिताब पाया। कबड्डी, दौड़, शतरंज, रस्साकशी, हैंडबाल में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। विजेता खिलाड़ियों को मुख्यातिथि इनेलो नेता अभय चौटाला ने पुरस्कृत किया।
बृहस्पतिवार को गांव निमड़ीवाली स्थित एमडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुए ओलंपिक दिवस कार्यक्रम में प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार खिलाड़ियों के मान सम्मान को बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। इनेलो जब सत्ता में थी तो खिलाड़ियों को न केवल सुविधाएं अपितु अच्छी नौकरियों में लाने का काम भी किया। कार्यक्रम में इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के एसोसिएट सदस्य एचएस भादू ने सभी खिलाड़ियों व अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने में कामयाब रहे है। प्रतिभाओं की कमी नहीं है, केवल उन्हें तराशने की जरूरत है। आयोजन समिति के चेयरमैन व हरियाणा कबड्डी संघ के अध्यक्ष विजयप्रकाश, उपाध्यक्ष जगत सिंह ढुल, सचिव दिलबाग सिंह ने स्पर्धा में भाग लेने के लिए पहुंचे खिलाड़ियों व सभी कोचों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर सतीश नांदल, सुनील लांबा, कुलवंत कोंटिया, कृष्ण गोदारा, राजसिंह गागड़वास, बलेदव घणघस, मदन ओड़, कालू कोंटिया, मेहरचंद सांगवान, मनमोहन भुरटाना, दयाकिशन बूरा, मनजीत ढुल, कोच राजकुमार, राममेहर, विकास, राजीव, राजकुमार मिढ़ान, सरवेंद्र, गुरूदयाल बावा, हरपाल सिंह, रतिराम, योगेश, नरेश शामिल थे।
--
ये बने विजेता
ओलंपिक डे सेलिब्रेशन में पुरुषों की 5 किमी दौड़ में फतेहाबाद के संदीप ने अव्वल स्थान, 18 वर्षीय लड़कों की पांच किमी दौड़ में अंबाला के गुरमीत सिंह ने प्रथम स्थान, महिलाओं की 3 किलोमीटर दौड़ में जींद की मधु अव्वल, 16 वर्षीय लड़कों की 3 किलोमीटर दौड़ में सोनीपत के अभय ने पहला स्थान, 35 वर्ष से अधिक व्यक्तियों की दौड़ में हिसार के गौरा सिंह ने प्रथम स्थान, कबड्डी में पानीपत की टीम ने सिरसा की टीम को पराजित किया।
शतरंज प्रतियोगिता के सब-जूनियर वर्ग में दादरी के केशव ने पहला, भिवानी के शिवम ने दूसरा, दादरी के मयंक वत्स ने तीसरा, जूनियर वर्ग में दादरी के कपिल शर्मा ने अव्वल, सचिन ने द्वितीय, भविानी के रविंद्र गोयत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में सोनीपत के आकाश ठकरान ने प्रथम, चांग के रविंद्र कुमार ने दूसरा व भिवानी देवेंद्र सांगवान ने तृतीय हासिल किया।