भिवानी। गांव पपोसा की आंगनबाड़ी केंद्र का ताला तोड़कर बच्चों के लिए पोषाहार बनाने में इस्तेमाल होने वाला राशन चोरी हो गया। आंगनबाड़ी केंद्र की वर्कर ने मामले की सूचना पुलिस को दी। बवानीखेड़ा पुलिस ने इस संबंध में सामान चोरी का केस दर्ज किया।
बवानीखेड़ा पुलिस थाना में दी शिकायत में गांव पपोसा निवासी रेखा ने बताया कि वह गांव की आंगनबाड़ी में बतौर वर्कर तैनात हूं। गत 30 मार्च की सुबह करीब नौ बजे वह आंगनबाड़ी पहुंची तो बाहर का ताला टूटा हुआ था। स्टोर का ताला भी चोरों ने चटका दिया था। जिसके बाद सामान जांचा तो पता चला कि चोर गेहूं की टंकी से 80 किलोग्राम गेहूं व 30 किलोग्राम चीनी के साथ 20 किलोग्राम चावल चोरी कर ले गए। आंगनबाड़ी केंद्र में रखी सोलर बैटरी भी चोर ले उड़े। मामले की जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों को दी। जिसके बाद बवानीखेड़ा पुलिस थाना में लिखित शिकायत दी गई। आंगनबाड़ी केंद्र की वर्कर की शिकायत पर पुलिस ने सामान चोरी का केस दर्ज किया है। बवानीखेड़ा पुलिस थाना एसएचओ रवींद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने आंगनबाड़ी केंद्र का मुआयना किया है। जिसके बाद पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।