बवानीखेड़ा/भिवानी। बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव अलखपुरा में मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे दो बहनों को उनके ससुराल से लाने गए 18 वर्षीय प्रदीप की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सात लोगों पर हत्या के आरोप में केस दर्ज किया है। वहीं, आरोपी पक्ष के भी कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्होंने दो नामजदों सहित तीन-चार अन्य के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद प्रदीप का शव परिजनों को सौंप दिया गया ।
बवानीखेड़ा थाना प्रभारी शिव कुमार के मुताबिक गांव खानक निवासी घायल मंगल ने बताया कि उसकी चचेरी बहनों कविता व संतोष की शादी अलखपुरा निवासी सगे भाइयों राममेहर व संजय के साथ आठ साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। वह चचेरे भाई प्रदीप, पिंजोखरा निवासी राजेश सहित अन्य के साथ कविता व संतोष को घर लाने के लिए मंगलवार रात उनके ससुराल गए थे। इस दौरान उनकी ससुराल वालों से कहासुनी हो गई। उन्हें घेरकर ईंट-पत्थर और लोहे की रॉड से पीटा गया। इस दौरान गंभीर घायल प्रदीप की मौत हो गई जबकि वह और राजेश घायल हो गए। बहनें चिल्लाती रहीं, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं आया। घायल हालत में ही उसने डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस ने करवा दिया था समझौता, फिर हुआ झगड़ा
थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि गांव अलखपुरा में झगड़े की सूचना मिली थी। डायल 112 की टीम मौके पर गई और दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था, लेकिन इसके बाद फिर से विवाद हो गया, जिसमें प्रदीप नामक युवक की मौत हो गई। वहीं कविता व संतोष के ससुराल पक्ष ने भी हमला करने के आरोप लगाए हैं। प्रदीप की हत्या के मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।