भिवानी। डाबर कॉलोनी निवासी विवेक (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार को चिकित्सकों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। परिवार ने मौत के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।
विवेक जागृति कॉलोनी स्थित एक खाली प्लाॅट में बेसुध अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिवार को सूचना दी जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।
डाबर कॉलोनी निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसके दो बच्चे हैं। उसका बेटा विवेक दुकान करता था। वह 21 अगस्त को सुबह घर से निकला था लेकिन नहीं लौटा। बाद में पुलिस के माध्यम से उसके अस्पताल में होने की सूचना मिली।
सुरेंद्र के अनुसार विवेक की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। उसका एक बेटा भी है। परिवार ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
बीटीएम पुलिस चौकी इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि खाली प्लाट में युवक के बेसुध पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। चिकित्सकों के बोर्ड की ओर से किए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।